CM भूपेश बघेल की सख्त चेतावनी के बावजूद बिलासपुर में हुक्काबार बेधड़क चल रहा है। इस बीच प्रदेश में चल रही छापेमारी को देखते हुए शहर के हुक्का बार बंद कर दिए गए थे। बावजूद इसके पुलिस ने दिखावे की कार्रवाई करते हुए हुक्का बार खुलवाकर जांच की। पुलिस ने 15 हुक्काबार की जांच करने का दावा किया है और दो संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की है।
शुक्रवार की शाम रायपुर में CM मीटिंग से लौटकर SP दीपक झा ने पुलिस अफसरों को हुक्काबार संचालकों को चेतावनी देने के निर्देश दिए। इस पर पुलिस अफसर व उनकी टीम शुक्रवार की रात हुक्काबार में पहुंची थी। इस दौरान संचालकों को बार में हुक्का नहीं पिलाने की चेतावनी दी गई। राज्य शासन की सख्ती के बाद भी शनिवार को भी हुक्का बार बेधड़क चल रहे थे। इस बीच SP दीपक झा ने देर शाम सभी राजपत्रित अफसरों व थानेदारों को हुक्का बार की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लेकिन, जैसे ही SP का फरमान थाने तक पहुंचा। इसके साथ ही हुक्का बार संचालकों तक भी कार्रवाई की खबर पहुंच गई। लिहाजा, ज्यादातर बार बंद मिले। फिर भी पुलिस अफसर व थानेदार बार खुलवाकर दिखावे की कार्रवाई करते नजर आए।
शनिवार को शहर के शिवा इन, कोका लांज, लिग्रीक, ब्लेक बेरी, सिल्वर ऑक, ब्लेक जेक, एमिगोस, नटराज, रॉयल पार्क, प्लेटिनियम, वायरस कैफे, कोलकाता रेस्टोरेंट, एडिक्शन कैफे, वेलहल्ला रेस्टोरेंट, हैंगओवर कैफे में दबिश दी गई
इस दौरान पुराना बस स्टेंड के ब्लेक जैक में ग्राहकों को नशीला हुक्का परोसा जा रहा था। इस पर पुलिस ने संचालक विशाल महंत(20) निवासी दरबार लॉज के पास तेलीपारा व मैनेजर अवि श्रीवास्तव(20) निवासी मगरपारा को पकड़ लिया। वहीं, सिविल लाइन क्षेत्र के वेलहल्ला रेस्टोरेंट में भी युवक हुक्का पीते हुए मिले। इस पर पुलिस ने मैनेजर मनीष छेतानी(28) निवासी सिंधी कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई की है।
शहर में हुई छापेमारी में यूं तो पुलिस की टीम 15 हुक्काबार तक पहुंची। लेकिन, कार्रवाई सिर्फ दो हुक्का बार संचालकों के खिलाफ की गई। इनमें सिविल लाइन क्षेत्र में बंद वेलहल्ला रेस्टोरेंट को खुलवा कर किचन में रखे हुक्का व उसके पाट की जब्ती बनाई गई। साथ ही मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई भी कर दी। जबकि, सीसीटीवी फुटेज में एक भी युवक बैठे नजर नहीं आ रहे हैं।