हरदोई। मल्लावां इलाके में खेत की सिंचाई कर रहे किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। सूचना पर कोतवाल मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। जिसके बाद वन विभाग की टीम व प्रधान प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए।बताया गया कि मल्लावां थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर साईं निवासी किशन पुत्र गोकरन गेहूं की सिंचाई कर रहा था। दोपहर लगभग 12 बजे के आसपास उसके बताने के अनुसार तेंदुए ने हमला कर दिया। जिससे उस के सिर, गर्दन व शरीर पर पंजे के निशान बन गए और खून से लथपथ हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन -फानन में उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वन कर्मी रामचंद्र ने बताया कि गेंहू की फसल खड़ी होने के कारण पंजे साफ नहीं दिख रहे हैं। जिससे पता नहीं चल पा रहा है। फिर भी लोगों के प्रयास से खोजबीन की जा रही है। मामले में कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि अभी जो किसान घायल हुआ है उसने देखा है। वह तेंदुआ बता रहा है खोजबीन की जा रही है। पंजों के निशान देखकर वन विभाग के कर्मी ही बता पाएंगे यह तेंदुए या किसी अन्य जंगली जानवर के पंजे हैं। फिलहाल किसान किशन ने बताया कि तेंदुआ था। उसने अचानक हमला किया और भाग गया। तेंदुए की जानकारी होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि अभी तक इलाके में किसी को तेंदुआ दिखा नहीं है।
