हरदोई। पाली इलाके में चोरों ने एक घर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने घर में रखे 5लाख रुपए के जेवर और डेढ लाख रुपए की नगदी चोरी कर ली। इससे पहले भी क्षेत्र में कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जो कि पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। ऊपर से एक और चोरी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
बताया गया कि पाली थाना क्षेत्र के भोरापुर गांव में मिश्रा सिंह अपने परिवार सहित शनिवार शाम को सो गए। रविवार सुबह उठकर वह नित्य क्रिया में लगे हुए थे, तभी उनकी पत्नी छत पर बने कमरे में गईं जहां बक्सों का ताला टूटा और सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी चीख सुनकर उनकी पुत्री व पति मिश्रा सिंह भी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि कमरे का सामान बिखरा हुआ था और बक्सों के ताले टूटे हुए थे। मिश्रा सिंह ने बताया कि उन्होंने समरसेबल की बोरिंग के लिए डेढ़ लाख रुपए रखे थे, जो की अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। साथ ही 5 लाख रुपए कीमत के जेवरात भी चोरी कर ले गए। घटना से पीड़ित परिवार सहित क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस सहित फॉरेंसिक टीम ने जांच कर मौके से नमूने एकत्र किए। थाने के उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है, पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।ज्ञात हो कि विगत दिनों भोरापूर चौराहे पर स्थित एक किराना दुकान में भी चोरी की वारदात हुई थी, जिसकी पाली पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की थी। वहीं तीन दिन पूर्व क्षेत्र के हडहा गांव में एक ही रात में 5 घरों को चोरों ने निशाना बना कर लाखों रुपए का सामान जेवरात और अनाज चोरी कर लिया था। लगातार हो रही चोरियों ने पाली पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। पाली थाना क्षेत्र में विगत दिनों हुई करीब दर्जन भर चोरियों का अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। ऊपर से हुई इस चोरी ने पुलिस के इकबाल को चुनौती जरूर दी है। एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि पाली थाना क्षेत्र के भोरापुर गांव में चोरी की सूचना मिली है। जिसमें 5 लाख के जेवर और डेढ़ लाख की नगदी चोरी का आरोप है। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जायेगा।